बर्रा के दामोदर नगर में होटल चलाने के एवज में हर महीने 25 हजार रुपये रंगदारी मांगने और इनकार करने पर दो भाइयों को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। दबंगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से भाइयों की कार भी तोड़ दी। डीसीपी दक्षिण के आदेश पर बर्रा पुलिस ने दो नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला पहले ही दर्ज कराया गया था।
दामोदर नगर निवासी आयुष उत्तम अपने भाई आकाश के साथ इलाके के चौराहे के पास ‘द क्राउन होटल’ चलाते हैं। आयुष के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे क्षेत्र के शंकर सिंह, अरिमर्दन सिंह और 10 अज्ञात लोगों ने उनके भाई आकाश को अगवा कर बंधक बना लिया और मारपीट करने लगे। जानकारी मिलने पर जब आयुष अपने दोस्त की कार से मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और आयुष को भी बंधक बना लिया। दबंगों ने धमकी दी कि अगर होटल चलाना है तो हर महीने 25 हजार रुपये देने होंगे, वरना अंजाम बुरा होगा। आयुष किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचा सके।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शिकायत लेकर स्थानीय पुलिस के पास पहुंचे, तो सुनवाई करने के बजाय उल्टे अगले दिन उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई। इसके बाद पीड़ितों ने डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी से गुहार लगाई। डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद घटना के सातवें दिन गुरुवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया है मुकदमा
दूसरी तरफ, अरिमर्दन सिंह की बेटी अर्चना ने 10 अक्टूबर को आकाश उत्तम पर मारपीट और गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। अर्चना का कहना है कि उनकी कॉस्मेटिक्स की दुकान से आकाश खिलौने वाली बंदूक ले गया था और दुकान बंद करने की बात पर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आकाश अपने भाई और 5 अज्ञात साथियों के साथ कार से आया और उनके पिता व भाई पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। अर्चना के अनुसार, नशे में आकाश ने डंडा चलाया, जो कार के शीशे पर लगा और शीशा टूट गया।
बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जुटाए गए सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
