SIR Controversy: नेहा बोरा रिहा, अभिजीत दीपके पर कार्रवाई; मजिस्ट्रेट के सामने होगी पेशी

# ## National

नई दिल्ली। कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले एहतियातन हिरासत में ली गईं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा को शनिवार तड़के रिहा कर दिया गया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) की अदालत में पेश किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत हिरासत से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नेहा बोरा को छोड़ दिया गया। वहीं, दीपके के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दीपके को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और अब उन्हें एसईएम की अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को कनॉट प्लेस जाने के दौरान नेहा बोरा को मंडी हाउस से और अभिजीत दीपके को झंडेवालान से हिरासत में लिया गया था।

आइसा ने आरोप लगाया कि हिरासत में लिए जाने के बाद नेहा बोरा को आर.के. पुरम थाने ले जाने से पहले करीब पांच घंटे तक दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर घुमाया गया। संगठन का दावा है कि वकील आधी रात के आसपास आर.के. पुरम थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें नेहा बोरा से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।

आइसा ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी रिहाई का समय स्पष्ट नहीं किया। संगठन के मुताबिक, नेहा बोरा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और इसके बावजूद उन्हें दवाएं देने से मना किया गया।

वहीं, दिल्ली पुलिस के मुताबिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने के लिए करीब 150 लोगों को हिरासत में लिया गया। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सुरक्षा बलों की घेराबंदी की गई है। पार्क के भीतर त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाए गए हैं।