अछल्दा, औरैया। अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मामा-भांजे की अमृत भारत ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6:20 बजे हुआ। दोनों इटावा-कानपुर मेमू ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे से रेलवे फाटक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई अमृत भारत ट्रेन ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलवे लाइन पर लगा पैनल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान राजू (30) पुत्र जयवीर सिंह, निवासी पैतृक गांव नगला रामलाल, और कृष्णा (40) पुत्र दीपचंद्र, निवासी रजुआ, जिला एटा के रूप में हुई है। दोनों आपस में मामा-भांजे थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों गुजरात के सूरत में नौकरी करते थे और वहां से लौटकर अछल्दा पहुंचे थे। फिलहाल दोनों पुत्तीलाल इंटर कॉलेज के पास अड्डा लक्ष्मीनगर क्षेत्र में रह रहे थे। मेमू ट्रेन से उतरने के बाद वे रेलवे फाटक की तरफ जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के सतेंद्र और जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे ट्रैक पर पड़े दोनों शवों को हटवाकर किनारे कराया। घटना के बाद स्टेशन के आसपास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद अमृत भारत ट्रेन को करीब 6:28 बजे रवाना किया गया। मामा-भांजे की मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस और रेलवे की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
