उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में कांग्रेस पार्टी केवल मुस्लिम तुष्टीकरण के बल पर अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रही है और उत्तर प्रदेश में उसका कोई जनाधार नहीं बचा है।
राजनाथ सिंह की चुनौती का किया समर्थन, इमरजेंसी की दिलाई याद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा राहुल गांधी को रायबरेली सीट को लेकर दी गई चुनौती का समर्थन करते हुए ब्रजेश पाठक ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस सपा के बिना रायबरेली जीतने का सामर्थ्य रखती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस समझ चुकी है कि यूपी में उसकी जमीन खिसक चुकी है।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस जिस तरह देश-विरोधी ताकतों के साथ मिलकर विरोध-प्रदर्शन कर रही है, उससे साफ है कि सत्ता की भूख उन्हें सोने नहीं दे रही। उन्होंने 1975 के आपातकाल (इमरजेंसी) का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के संविधान विरोधी कृत्य और उसकी गलत आर्थिक नीतियों ने हमेशा देश को गर्त में धकेलने का काम किया है।
‘अखिलेश यादव अपनी चिंता करें, वो एक परिवार की कंपनी चलाते हैं’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि वैश्विक अव्यवस्थाओं के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को दूसरों की जगह अपनी चिंता करनी चाहिए। उनका इंजन आपस में ही टकराता है और वे सिर्फ एक परिवार की कंपनी चला रहे हैं, जिन्हें लोकतंत्र और राजनीति के सही मूल्यों से कोई सरोकार नहीं है।
