नगर निगम जोन-8 : गृहकर जमा नहीं करने पर सील हुए भवन, वसूले ₹4.33 लाख

Lucknow

लखनऊ। गृहकर बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम लखनऊ ने सख्त रुख अपनाते हुए 17 अक्टूबर को जोन-8 में व्यापक कुर्की एवं सीलिंग अभियान चलाया। नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त/ जोनल अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में वार्ड इब्राहिमपुर द्वितीय, शारदा नगर द्वितीय और खरिका द्वितीय में बकाया गृहकर की वसूली के लिए कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 13 भवनों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कुर्की और सीलिंग की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई तथा मौके पर कुल ₹4,33,891 की राजस्व वसूली की गई।

  • बकायेदारों से मौके पर जमा कराया गृहकर

इब्राहिमपुर द्वितीय और शारदा नगर द्वितीय वार्डों में अभियान के दौरान ₹3,75,882.33 की वसूली हुई। बकाया गृहकर जमा नहीं करने पर  परिसरों को सील किया गया।

  • खरिका द्वितीय में भी कार्रवाई, ₹58 हजार से अधिक की वसूली

वार्ड खरिका द्वितीय में नगर निगम की टीम ने बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹58,009 का राजस्व प्राप्त किया। भवन संख्या SE-4/007 से ₹11,009, भवन संख्या 6-A-PR-37 से ₹37,000 और भवन संख्या 6C/322 से ₹10,000 का भुगतान प्राप्त हुआ। वहीं, बकाया कर जमा नहीं करने पर भवन संख्या BV/057 और 8A/308 को सील किया गया।

  • राजस्व वसूली अभियान में जुटी नगर निगम की टीम

नगर निगम की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य गृहकर के बकाये की वसूली और राजस्व संग्रह को गति देना रहा। कार्रवाई जोनल अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सिंह के निर्देशन में कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी, सुरेन्द्र सिंह सहित नगर निगम के प्रवर्तन स्टाफ की मौजूदगी में संपन्न हुई। नगर निगम की इस कार्रवाई से बकायेदारों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि निर्धारित गृहकर का भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार कुर्की और सीलिंग जैसी कार्रवाई की जा सकती है।