नई दिल्ली। सऊदी अरब में बदलती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर भारतीय विमानन कंपनियों ने अपनी उड़ानों को लेकर अहम फैसला लिया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है। एयरलाइंस ने कहा है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिचालन की लगातार समीक्षा की जा रही है।
एयर इंडिया देगी पूरा रिफंड
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी यात्रा परामर्श में बताया कि सऊदी अरब की मौजूदा स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली उसकी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने की जानकारी दी है।
कंपनी ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी बढ़ाई रोक
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दम्माम, जेद्दा और रियाद के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। एयरलाइन के मुताबिक, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर परिचालन में बदलाव किया जाएगा।
प्रभावित यात्रियों को सहायता देने के साथ ही एयरलाइन ने मुफ्त री-शेड्यूलिंग या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है।
इंडिगो और अकासा एयर की उड़ानें भी प्रभावित
इससे पहले गुरुवार को इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों को 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी।
वहीं, अकासा एयर ने रियाद के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए उड़ानों का निलंबन 21 अक्टूबर तक बढ़ाया है। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प देने की बात कही है।
यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति जरूर जांचें
सभी संबंधित एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि उड़ान सेवाएं बहाल करने का फैसला स्थिति की लगातार समीक्षा के बाद लिया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जांच लें। साथ ही, एयरलाइन के पास अपना मोबाइल नंबर और अन्य संपर्क विवरण अपडेट रखें, ताकि किसी बदलाव की सूचना समय पर मिल सके।
