मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र में माफिया अतीक अहमद और उसके सहयोगियों के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर प्रस्तावित आवासीय परियोजना ‘पद्म लोक अपार्टमेंट’ का भूमिपूजन करेंगे। इस परियोजना के तहत 602 फ्लैट बनाए जाने हैं। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना के 556 लाभार्थियों को आवासों की चाबी सौंपने के साथ कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के सचिव विनीत कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि कसारी-मसारी क्षेत्र में करीब 9,811.35 वर्ग मीटर जमीन पर 14 मंजिला पद्म लोक अपार्टमेंट का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें दो शयनकक्ष, हॉल और रसोई (टू-बीएचके) वाले कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 56.45 वर्ग मीटर होगा।
पार्किंग, सौर ऊर्जा और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं
पीडीए के मुताबिक, परियोजना में पार्किंग, वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा प्रणाली जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा स्विमिंग पूल, सामुदायिक भवन और व्यावसायिक परिसर भी विकसित किए जाएंगे। भूमिपूजन के साथ परियोजना के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
556 लाभार्थियों को सौंपेंगे आवास की चाबी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान पीपलगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित 556 फ्लैटों के लाभार्थियों को चाबी सौंपेंगे। अधिकारियों के अनुसार, प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अप्रैल 2025 में लॉटरी के माध्यम से इन आवासों के लाभार्थियों का चयन किया था।
महाशय मसुरिया दीन पासी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
मुख्यमंत्री तेलियरगंज चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य महाशय मसुरिया दीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इस दौरान वह उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। महाशय मसुरिया दीन पासी स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता होने के साथ दलित समाज के प्रमुख सामाजिक चिंतकों में शामिल थे। उन्होंने विशेष रूप से पासी समाज में शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए काम किया था।
10 जिलों के शिक्षक और स्नातक मतदाता होंगे शामिल
मुख्यमंत्री गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र के मतदाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में संबंधित क्षेत्र के 10 जिलों के शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के शामिल होने की संभावना है। यह सम्मेलन शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे में आवासीय परियोजना का भूमिपूजन, आवासों का वितरण, प्रतिमा का अनावरण और मतदाता सम्मेलन प्रमुख कार्यक्रम होंगे।
