बरेली की जिला सूचनाधिकारी नीतू कनौजिया की बहन अनीता का शव बुधवार को चिनहट के मल्हौर स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला। मौत से पहले अनीता ने अपने पारिवारिक व्हाट्सएप ग्रुप लिखा था कि मौत की जिम्मेदार मेरी सास हैं। अनीता की बहन नीतू ने ससुरालवालों पर गला दबाकर हत्या करने और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। चिनहट पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुंदल लाल कनौजिया पत्नी सरस्वती संग आशियाना में रहते हैं। जिला सूचनाधिकारी नीतू ने बताया कि बहन अनीता (37) का विवाह 30 अप्रैल 2014 को चिनहट के चक मल्हौर निवासी राहुल कनौजिया के साथ हुआ था। राहुल टाटा मोटर्स में नौकरी करते हैं। नीतू ने बताया कि उनकी बहनों का व्हाट्सएप पर एक फैमिली ग्रुप बना हुआ है। बुधवार सुबह 9:49 बजे अनीता ने फैमिली ग्रुप पर एक मैसेज लिखा कि मेरी सास मेरी मौत की जिम्मेदार हैं। मैसेज देख नीतू के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने मायकेवालों और बहन उमंग को कॉल कर सूचना दी। इसके बाद अनीता के पति राहुल को फोन किया। उसने कहा कि वह आफिस में है। परिजन ससुराल पहुंचे, इस बीच अनीता को उसके ससुरालीजन लोहिया अस्पताल लेकर पहुंच गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।उमंग का आरोप है कि बहन की सास कमला देवी और ससुरालीजन उसे बहुत प्रताड़ित करते थे। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अनीता के घरवालों ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
