Holiday: 23 अक्टूबर को स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को मिलेगा अवकाश

# ## Lucknow

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव में मतदान करने वाले पात्र मतदाताओं को 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मतदान के दिन पात्र मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश देने के संबंध में विज्ञप्ति जारी की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शामिल हैं।शासन के निर्देशों के तहत उत्तर प्रदेश राज्य के ऐसे कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय के स्नातक हैं और संबंधित स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रमाणित मतदाता हैं, उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान दिवस पर विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य होगा। निर्वाचन अधिकारियों ने पात्र मतदाताओं से मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।