Electricity Theft: सुबह 5 बजे बनभूलपुरा में छापा, बिजली चोरी पर ऊर्जा निगम का शिकंजा; 102 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई

# ## National

बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी और अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह पांच बजे ऊर्जा निगम की टीम और देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरी के मामले सामने आने पर 102 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई ऊर्जा निगम की ओर से की जा रही है। ऊर्जा निगम की टीम ने सुबह 5 बजे ही बनभूलपुरा क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी।

अभियान के दौरान कई स्थानों पर कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल किए जाने की जांच की गई। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस संयुक्त अभियान में ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी, शहरी क्षेत्र के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, देहरादून से आई विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी शामिल रहे। बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भी अभियान में सहयोग किया।

बिजली चोरी बर्दाश्त नहीं करेगा ऊर्जा निगम

ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की ओर से ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, बिजली चोरी रोकने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का इस्तेमाल करें और कटिया डालकर बिजली चोरी करने से बचें। 102 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। ऊर्जा निगम की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।