भारत के सबसे लोकप्रिय यूट्यूब व्लॉगर्स में शामिल सौरव जोशी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और परिवार से जुड़े वीडियो के लिए जाने जाते हैं। यूट्यूब पर उनके करीब 4.2 करोड़ सब्सक्राइबर्स हैं और उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। हालांकि उनके लग्जरी लाइफस्टाइल की कई ऐसी चीजें हैं, जिनके बारे में हर कोई नहीं जानता। हाल ही में बॉलीवुड फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ सौरव जोशी के हल्द्वानी स्थित घर पहुंचीं। अपने लेटेस्ट व्लॉग में उन्होंने सौरव और उनकी पत्नी अवंतिका जोशी के साथ मिलकर उनके आलीशान बंगले का पूरा टूर कराया
सड़क के दूसरी तरफ भी बन रहा नया बंगला
फराह खान जैसे ही सौरव के घर पहुंचीं, उन्होंने सड़क के दूसरी तरफ मौजूद एक प्लॉट की ओर इशारा किया। सौरव ने बताया कि वहां एक और बंगला तैयार किया जा रहा है। इस नए घर को इस तरह डिजाइन करने की योजना है कि उसमें काफी हरियाली हो। इसका मकसद मौजूदा घर से भी सुंदर और हरा-भरा दृश्य देखने को मिल सके। घर के अंदर पहुंचते ही सौरव ने फराह खान को अपने परिवार से मिलवाया। सौरव का परिवार जॉइंट फैमिली के तौर पर इसी घर में रहता है। घर की डिजाइन में मॉडर्न लुक के साथ परिवार की जरूरतों का भी खास ध्यान रखा गया है।
डबल हाइट सीलिंग और खूबसूरत इंटीरियर
घर का ड्रॉइंग रूम बेहद शानदार नजर आता है। यहां न्यूट्रल रंगों का इस्तेमाल किया गया है और डबल हाइट सीलिंग इसे और भव्य लुक देती है। दीवार के एक हिस्से में लकड़ी का बड़ा डिस्प्ले कैबिनेट बनाया गया है, जिसमें अलग-अलग तरह की कलाकृतियां और सजावटी सामान रखे हुए हैं। कमरे में ऑफ-व्हाइट रंग का सोफा और कई इंडोर प्लांट्स दिखाई देते हैं। पूरे इंटीरियर में सादगी और लग्जरी का संतुलन देखने को मिलता है। फराह खान भी घर की खूबसूरती देखकर काफी प्रभावित नजर आईं।
बेसमेंट में प्राइवेट जिम और लग्जरी कारों की पार्किंग
घर का बेसमेंट भी काफी खास है। यहां प्राइवेट जिम के साथ कारों के लिए बड़ा पार्किंग एरिया बनाया गया है। सौरव जोशी को कारों का काफी शौक है और उनके कलेक्शन में कई महंगी गाड़ियां शामिल हैं। इनमें फरारी, थार और मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास यानी जी-वैगन जैसी कारें शामिल हैं। हाल ही में सौरव ने मस्टर्ड और ब्लैक कलर की लिमिटेड ट्रॉफी एडिशन डिफेंडर भी खरीदी है। इसकी ऑन-रोड कीमत करीब 1.6 करोड़ रुपये बताई जाती है। कार कलेक्शन देखकर भी उनके लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक मिलती है।
