ओवैसी से बोले इमरान मसूद-आप 4-5 सीटें जीत जाएंगे लेकिन सरकार बीजेपी की बनवा देंगे

# ## National

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के ने कहा कि उनकी पार्टी UP में दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन करने को तैयार है. उनके इस बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “बीजेपी को हराना प्रथम लक्ष्य है, और ये सोच लीजिए कि बीजेपी को सिर्फ मुसलमान हरा सकता है. ये सोचना कि मुसलमान बीजेपी को हरा देगा तो ये नामुमकिन है.”

उन्होंने कहा, “बीजेपी जीतती है तो पिटता मुसलमान है. ये भी कड़वा सच है, इस सच्चाई को स्वीकारना चाहिए. उन्होंने कहा कि हैदराबाद में जो माहौल है वो उत्तर प्रदेश में नहीं है. देखिए ओवैसी साहब जीत जाएं 4-5 सीट, लेकिन सरका तो बीजेपी की बनवा देते हैं. उन 5 एमएलए का क्या करेंगे आप? अगर सरकार बीजेपी की बन रही है तो नुकसान किसका हो रहा है? ऐसे में लोगों को समझदारी से काम लेना चाहिए.”

ओवैसी ने क्या कहा?

असदुद्दीन ओवैसी ने 21 सितंबर को कहा कि उनकी पार्टी उन लोगों के साथ काम करने को तैयार है जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना चाहते हैं. उन्होंने कहा राज्य में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव पिछले चुनावों से अलग होंगे. 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनावों से पहले गठबंधन की संभावना पर बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि कोई भी एक पार्टी अकेले BJP को नहीं रोक सकती और उन्होंने समान विचारधारा वाली पार्टियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया.

ओवैसी ने कहा, “हम नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बने. अगर कोई नहीं चाहता कि बीजेपी सरकार बनाए, तो वे हमसे बात कर सकते हैं. हम बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए आपके साथ काम करने को तैयार हैं. लेकिन ये समझना जरूरी है कि आप अकेले बीजेपी को नहीं रोक सकते.” बिहार चुनावों के दौरान पार्टी की कोशिशों को याद करते हुए AIMIM प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी ने गठबंधन के लिए सीटें मांगने के लिए कई विपक्षी नेताओं से संपर्क किया था, लेकिन उनमें से कोई भी इसके लिए सहमत नहीं हुआ.