Lucknow India Food Expo 2026: लखनऊ में 11वां इंडिया फूड एक्सपो शुरू, 130 से ज्यादा उद्यमी और स्टार्टअप पहुंचे

# ## Lucknow

अगर आप जानना चाहते हैं कि खेत में पैदा होने वाला अनाज और दूसरी खाद्य चीजें आधुनिक तकनीक की मदद से किस तरह आपकी थाली तक पहुंचती हैं, तो लखनऊ में चल रहा 11वां India Food Expo 2026 आपके लिए खास है। गोमती नगर स्थित रेगलिया ग्रीन्स में शुरू हुए इस एक्सपो में ‘Farm to Fork’ यानी ‘खेत से सीधे आपकी थाली तक’ की थीम पर खाद्य उद्योग की नई तकनीकों और समाधानों को दिखाया जा रहा है।

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की ओर से आयोजित इस मेगा एक्सपो में देश के करीब 8 राज्यों से 130 से ज्यादा बड़े उद्यमी और फूड स्टार्टअप्स पहुंचे हैं। यहां खाने-पीने के प्रोडक्ट्स के साथ उनकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, स्टोरेज और सप्लाई से जुड़ी आधुनिक तकनीक भी देखने को मिल रही है।

एक्सपो का उद्घाटन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया। कार्यक्रम में सरकारी विभागों, वैज्ञानिक संस्थानों, वित्तीय संस्थानों, किसान उत्पादक संगठनों और कारोबार से जुड़े संगठनों की भी भागीदारी है।

एक छत के नीचे कई सुविधाएं

इस एक्सपो में उत्तर प्रदेश उद्यान विभाग, Invest UP और APEDA के साथ तकनीकी और शैक्षणिक संस्थानों में CSIR, CFTRI और NIFTEM शामिल हैं। वहीं वित्तीय संस्थानों की ओर से NABARD और SBI की भागीदारी है। इसके अलावा FPO यानी किसान उत्पादक संगठन और Franchise India भी एक्सपो का हिस्सा हैं।

यहां फूड बिजनेस से जुड़े लोगों को एक ही जगह पर कई तरह की जानकारी और समाधान मिल रहे हैं। इसमें फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, स्टोरेज, मशीनरी और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़े विकल्प शामिल हैं।

एक्सपो का मकसद खाद्य क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को नई तकनीक से जोड़ना और उनके कारोबार को आगे बढ़ाने के रास्ते दिखाना भी है।

Green Energy ने खींचा ध्यान

एक्सपो में ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबिलिटी पर भी खास जोर दिया गया है। यहां सोलर और ग्रीन एनर्जी से जुड़े चार से पांच लाइव सिस्टम और लाइट्स प्रदर्शित किए गए हैं।

इन तकनीकों का इस्तेमाल फैक्ट्रियों और फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में बिजली की खपत कम करने के लिए किया जा सकता है। यानी आने वाले समय में फूड इंडस्ट्री में सोलर एनर्जी और रिन्यूएबल एनर्जी का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिखाई दे रहा है।

इसके साथ ही बायोडिग्रेडेबल और इको-फ्रेंडली पैकेजिंग के कई विकल्प भी यहां देखने को मिल रहे हैं। ऐसी पैकेजिंग पर जोर दिया जा रहा है, जिससे पर्यावरण पर कम असर पड़े और फूड इंडस्ट्री को ज्यादा टिकाऊ बनाया जा सके।