शारदा नहर में उतराता मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव; 3 दिन पहले पारिवारिक कलह में छोड़ा था घर

# ## Bareilly Zone

सिंधौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शारदा नहर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। मृतक की शिनाख्त पुवायां निवासी पुष्पेंद्र उर्फ नीटू के रूप में हुई है, जो तीन दिन पहले पारिवारिक विवाद के चलते घर से लापता हो गया था। पुलिस को गुरुवार को ही उसकी स्कूटी एक पुलिया पर लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

10 बजे उतराता दिखा शव, परिजनों ने की शिनाख्त
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों ने शारदा नहर में एक शव उतराता देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। पानी में रहने के कारण शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा था। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिसके बाद मृतक की शिनाख्त पुवायां क्षेत्र के छावनी मोहल्ले के रहने वाले 40 वर्षीय पुष्पेंद्र उर्फ नीटू मिश्रा के रूप में की गई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

विवाद के बाद बिना नंबर की स्कूटी से निकला था घर
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले घर में किसी बात को लेकर पुष्पेंद्र का विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर वह अपनी स्कूटी से कहीं निकल गया। जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद दो दिन पहले ही परिजनों ने पुवायां थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को कोरो कुइयां पुलिया पर एक स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली थी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस स्कूटी को चौकी ले आई थी। परिजनों ने पुष्टि की है कि पुष्पेंद्र उसी स्कूटी से घर से निकला था।

आत्महत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटनास्थल और हालातों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि पुष्पेंद्र ने स्कूटी को पुलिया पर खड़ी करने के बाद नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली होगी। सिंधौली थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।