Bareilly News : DIG अजय साहनी को तीसरी बार मिला राष्ट्रपति वीरता पदक, मेरठ एनकाउंटर में निभाई थी अहम भूमिका

Uncategorized

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीआईजी अजय कुमार साहनी को अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवा के लिए तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। शनिवार को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में डीजीपी राजीव कृष्ण ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। अजय साहनी को यह पदक वर्ष 2020 में मेरठ के एसएसपी रहते हुए कुख्यात अंतरजनपदीय अपराधी चांद उर्फ काले के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए दिया गया।

2020 में मेरठ में हुआ था साहसिक ऑपरेशन

पुलिस के मुताबिक, 25/26 जनवरी 2020 की रात मेरठ पुलिस ने कुख्यात अपराधी चांद उर्फ काले की तलाश में ऑपरेशन चलाया था। पुलिस टीम का नेतृत्व तत्कालीन मेरठ एसएसपी अजय कुमार साहनी ने किया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने चांद उर्फ काले को मार गिराया था। मौके से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और लूट का सामान बरामद किया गया था।

बैंक और ज्वैलरी शॉप लूट में था वांछित

चांद उर्फ काले परीक्षितगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज थे। वह बैंक लूट, व्यापारियों से लूट और ज्वैलरी शॉप में वारदात समेत कई गंभीर अपराधों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर मेरठ जोन स्तर से एक लाख रुपये और सहारनपुर परिक्षेत्र स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

तीसरी बार मिला राष्ट्रपति वीरता पदक

अजय कुमार साहनी को पुलिस सेवा में साहस और उत्कृष्ट कार्यों के लिए इससे पहले भी राष्ट्रपति वीरता पदक मिल चुका है। इस सम्मान के साथ उन्हें तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक से नवाजा गया है। स्वतंत्रता दिवस पर मिले इस सम्मान को उनके पुलिस सेवा करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है। पदक मिलने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई दी।