Gonda Flood News : ऐली परसौली में बाढ़ का कहर, 23 गांव जलमग्न, फसलें बर्बाद, हजारों लोग पलायन को मजबूर

# ## UP

उमरी बेगमगंज/गोंडा,तरबगंज तहसील के ऐली परसौली क्षेत्र में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बाढ़ का पानी अब गांवों में बने घरों तक पहुंच गया है। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। घरों में पानी भरने से ग्रामीणों के सामने जरूरी सामान और घरेलू वस्तुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की भी चुनौती खड़ी हो गई है।ऐली परसौली के प्राथमिक विद्यालय गोड़ियाना में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। विद्यालय परिसर जलमग्न होने से पठन-पाठन प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों के मुताबिक जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी बढ़ने की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

23 गांवों में बाढ़ का असर, 30 हजार आबादी प्रभावित

बाढ़ का असर गोड़ियाना, तेलमहन पुरवा, नौबस्तन पुरवा और लोनियन पुरवा समेत दर्जनों मजरों में साफ दिखाई दे रहा है। गढ़ी, जवरनगर, परास और बहादुरपुर समेत कई गांव भी बाढ़ की चपेट में हैं। खेतों में पानी भर जाने से सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। इससे किसानों के सामने फसल बर्बाद होने का संकट खड़ा हो गया है। तरबगंज तहसील के ऐलीपरसौली, गढ़ी, परास, बहादुरपुर, दत्तनगर और ब्यौंदा सहित 23 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। करीब 30 हजार की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। बाढ़ के बढ़ते पानी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

बाढ़ चौकियां अलर्ट, प्रभावित परिवारों को मिल रही मदद

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। निगरानी के लिए टीमें गठित कर लगातार क्षेत्र का जायजा लिया जा रहा है। पलायन करने वाले परिवारों को तत्काल सहायता के रूप में पॉलिथीन समेत जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एसडीएम तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। पलायन करने वाले परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।