- बारिश के बाद जलभराव पर जोनल अधिकारी डॉ.आशीष सिंह की मुस्तैदी, जोन-8 के प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी
लखनऊ। जोन-8 क्षेत्र में कल हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। आशियाना का सेक्टर-एच क्षेत्र जलभराव से सबसे अधिक प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए आज सुबह से ही जोनल अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त डॉ. आशीष सिंह अपनी पूरी टीम के साथ मैदान में जुटे हुए हैं।
डॉ. आशीष सिंह स्वयं मौके पर खड़े होकर पम्प के माध्यम से जल निकासी का कार्य लगातार अपनी निगरानी में करवा रहे हैं। टीम द्वारा जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर पम्प लगाकर पानी निकालने के साथ ही नालियों और जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
विद्यावती के तीनों वार्डों में भी नगर निगम की टीम लगातार जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इसके अलावा जोन-8 के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें सक्रिय हैं तथा कहीं भी पानी जमा होने की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है।
जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह ने टीम को निर्देश दिए हैं कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए। नगर निगम की टीम बारिश के बाद उत्पन्न स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार मौके पर काम कर रही है।
