स्वतंत्रता दिवस पर सरोजनीनगर में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया ध्वजारोहण

Lucknow

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का उत्साह देखने को मिला। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 15 अगस्त को ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, युवा, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। देश की एकता, अखंडता और प्रगति को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

  • युवा शक्ति है विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि “आज का युवा केवल भारत का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति है। जिस ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प के साथ युवा आगे बढ़ेंगे, उसी गति से भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। युवाओं के सपनों में भारत के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर है और उनके संकल्प में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की क्षमता है।”

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, नवाचार, खेल, तकनीक और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ें तथा अपने सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि राष्ट्रहित को अपना संकल्प बना ले तो भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने तथा देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।