लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा लखनऊ महानगर की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गुरुवार को महानगर के सभी 25 मंडलों और विभिन्न वार्डों में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
इटौंजा स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर, बड़ा शिवाला से निकाली गई तिरंगा यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह और विधायक योगेश शुक्ला शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। इस दौरान लोगों से राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति संकल्पित रहने का आह्वान किया गया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के हर वर्ग की सहभागिता यह दर्शाती है कि राष्ट्र प्रथम की भावना जन-जन के मन में मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन अमर शहीदों के त्याग और संघर्ष का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत महानगर के सभी 25 मंडलों और विभिन्न वार्डों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी, गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने यात्राओं में उत्साह के साथ सहभागिता की।
भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड और लाला लाजपत नगर वार्ड में पार्षद कार्यालय से निकाली गई तिरंगा यात्राओं में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल और सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति विवेक सिंह तोमर शामिल हुए। यात्राओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया।
