- वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 की तैयारियां तेज, छह मंडलों में पहुंचाए गए पौधे
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 और नेट ज़ीरो सरोजनीनगर के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आशियाना स्थित विधायक आवास पर पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के तहत 1,400 पौधों का वितरण बूथ अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को किया गया।
- छह मंडल अध्यक्षों को मिले 200-200 पौधे
वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सरोजनीनगर विधानसभा के सभी छह मंडल अध्यक्षों को 200-200 पौधे उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा 2nd Innings Association के अतुल टंडन को भी 50 पौधे सौंपे गए, ताकि अधिक से अधिक स्थानों पर पौधरोपण सुनिश्चित किया जा सके।
- “एक पौधा–एक संकल्प” से बनेगा हरित उत्तर प्रदेश
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “एक पौधा–एक संकल्प” केवल वृक्ष लगाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर में जनभागीदारी के माध्यम से नेट ज़ीरो अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
- पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई लाभ गिनाए
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से कार्बन उत्सर्जन में कमी, जैव विविधता का संरक्षण, भूजल संवर्धन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में मदद मिलती है। प्रत्येक पौधा नेट ज़ीरो उत्तर प्रदेश के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।
- जनभागीदारी को बताया अभियान की सबसे बड़ी ताकत
डॉ. राजेश्वर सिंह ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से नेट ज़ीरो सरोजनीनगर का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा और सरोजनीनगर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का आदर्श मॉडल बनकर पूरे उत्तर प्रदेश के लिए नई मिसाल स्थापित करेगा।
- ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में करण चंद्रा, सिद्धार्थ हरीश, हरि राम गुप्ता, के. एन. सिंह, राजन मिश्रा, राजेश चावला, राम कृष्ण मिश्रा, बीनू मिश्रा और प्रदीप मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
