बरेली में एसएसपी रहते मुनिराज जी ने कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई उनकी प्राथमिकता में शामिल रही। राजनीतिक दबाव के बीच भी कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में उनके सख्त तेवर चर्चा में रहे। उनके नेतृत्व में पुलिस की कई कार्रवाई सुर्खियों में रहीं। अब डीआईजी के रूप में उनकी बरेली रेंज में वापसी को पुराने अनुभव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
वहीं, बरेली रेंज के डीआईजी रहे अजय कुमार साहनी का कार्यकाल भी कई महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाइयों के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने तौकीर रजा प्रकरण में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा रेंज के अन्य जिलों में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर भी कई बड़ी कार्रवाई की गईं।अब मुनिराज जी के सामने बरेली के अलावा बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। चार जिलों की पुलिस व्यवस्था में समन्वय, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों से निपटना उनके लिए प्रमुख चुनौतियां रहेंगी।
