स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण ने पकड़ी रफ्तार, मोहम्मदाबाद में निकली जागरूकता रैली

Lucknow
  • घर-घर पहुंचकर अभिभावकों को किया जागरूक, सरकारी विद्यालयों में प्रवेश का किया आह्वान

(प्रिय प्रताप सिंह संवाददाता )फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के तहत टूंडला क्षेत्र में जागरूकता गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन में विद्यालयों की ओर से रैलियां निकालने और घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन कराने का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद में एआरपी रणजीत सिंह के निर्देशन में विशाल स्कूल चलो रैली का आयोजन किया गया। हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई रैली गांव की विभिन्न गलियों से होकर गुजरी। रैली में शामिल बच्चों ने “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे”, “शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन”, “मम्मी-पापा जल्दी आओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ” जैसे प्रेरक नारों से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। बच्चों के हाथों में शिक्षा का संदेश देने वाली तख्तियां भी थीं।

  • अभिभावकों को बताईं सरकारी विद्यालयों की सुविधाएं

रैली के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों को पंपलेट वितरित किए और सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। अभियान के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया गया।

  • रणजीत सिंह ने शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य की कुंजी

रैली के समापन पर एआरपी रणजीत सिंह ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क मध्यान्ह भोजन, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), निःशुल्क वर्दी, पाठ्यपुस्तकें, विज्ञान एवं गणित किट, खेल सामग्री सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को तकनीकी ज्ञान भी दिया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।

  • शिक्षकों ने निभाई सक्रिय भूमिका

अभियान में मिथिलेश कुमारी, अलका, पूजा रानी शर्मा, श्वेता राणा, नेहा सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने का संकल्प दोहराया।