लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई थी, जबकि बाद में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल लाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। कुछ ही देर बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
अखिलेश बोले- रिपोर्ट आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि राजेंद्र चौधरी की अचानक तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें बिना देर किए सिविल अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू कर दिया है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। अखिलेश ने कहा कि चिकित्सकीय जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉक्टरों के प्रयास से राजेंद्र चौधरी जल्द स्वस्थ होंगे।
ब्रजेश पाठक ने कहा- हालत स्थिर, लोहिया संस्थान किया जाएगा शिफ्ट
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के बाद राजेंद्र चौधरी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और प्रो. भुवन चंद्र तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राजेंद्र चौधरी को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चिंता
समाजवादी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों और वरिष्ठ नेताओं में शामिल राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है। अस्पताल में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का पहुंचना लगातार जारी है। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
