लवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला दलित युवक का शव, प्रधान समेत 6 पर हत्या की FIR, दहशत में परिवार ने छोड़ा गांव

# ## UP

ऊंचाहार/ रायबरेली: ऊंचाहार क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिले दलित युवक के शव का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक की पत्नी ने गांव के प्रधान समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, परिवार ने धमकी मिलने और जान का खतरा होने की बात कहते हुए गांव छोड़ दिया है। मामले में नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी हस्तक्षेप करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, ऊंचाहार क्षेत्र के नाथीपुर गांव निवासी राम गोपाल का शव सोमवार को रामचंद्रपुर रेलवे हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला था। शुरुआत में पुलिस इसे ट्रेन से हुई दुर्घटना मान रही थी, जबकि परिजन हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

रास्ते के विवाद में मिली थी हत्या की धमकी

मृतक की पत्नी सुशीला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि घटना वाले दिन शाम को रास्ते को लेकर गांव के बबलू गौतम से विवाद हुआ था। इस दौरान बबलू ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि गांव का प्रधान उसके साथ है और वह उसी रात राम गोपाल की हत्या कर देगा।

महिला के मुताबिक, रात में उसके पति घर के दरवाजे पर सो रहे थे। करीब तीन बजे वह अचानक लापता हो गए। बाद में उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके पति पर जानलेवा हमला किया गया था।

पहले भी परिवार में हो चुकी है हत्या

सुशीला ने अपनी शिकायत में परिवार के साथ पहले हुई एक अन्य वारदात का भी जिक्र किया है। आरोप है कि कुछ साल पहले डॉ. आंबेडकर जयंती मनाने को लेकर उनके परिवार के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। महिला का कहना है कि मौजूदा घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं और रिश्तेदारों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसी वजह से परिवार को गांव छोड़कर दूसरी जगह रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

प्रधान समेत छह लोगों पर हत्या की FIR

पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बबलू गौतम, ग्राम प्रधान दिलीप तिवारी, दुर्गेश, मोनू, गुड्डू और सूर्यकांत के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

सांसद चंद्रशेखर ने सीओ से की बात

मामले में नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में कार्रवाई करनी होगी।

वहीं, कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना सीओ डलमऊ की ओर से की जा रही है।