दुधवा नेशनल पार्क के घने जंगल, घास के मैदान, कलकल बहती नदियों और खूबसूरत वन्य जीवों का दीदार करने की चाहत रखने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। मानसून में भी सैलानी इसका आनंद ले सकते हैं। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे (NER) लखनऊ मण्डल की तरफ से शुरू की गई एसी ट्रेन काफी सहायक साबित हो रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के मुताबिक मानसून के दिनों में मैलानी-बिछिया-मैलानी रेलखण्ड के बीच जंगल सफारी करना अपने आप में अलग अनुभव व सुकून देने वाला होता है, यही वजह है कि पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से शुरू की गई विशेष ‘एमजी टूरिस्ट एसी चेयर कार’ ट्रेन सैलानियों के सफर को बेहद रोमांचक बना रही है।
उन्होंने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क में जीप सफारी का अक्सर सैलानी आनंद लेते हैं, लेकिन इस ट्रेन के जरिए बरसात के मौसम में भी सुरक्षित तरीके से घने जंगलों और वन्यजीवों के बीच से गुजरने का अनोखा आनंद पर्यटक ले सकते हैं। जब ट्रेन भीराखेरी, पलिया कलां और दुदवा के बीच से धीरे-धीरे गुजरती है, तब नदियों, जंगलों और वन्य जीवों की बेमिसाल खूबसूरती देखते ही बनती है, एसी ट्रेन की बड़ी-बड़ी खिड़कियों से यह नजारा किसी लाइफटाइम एक्सपीरियंस से कम नहीं होता।
इतना ही नहीं जब पर्यटक घने जंगलों के बीच से गुजरते हैं तो उन्हें उमस और गर्मी परेशान नहीं कर सकती, क्योंकि 60 सीटों की क्षमता वाले इस आधुनिक टूरिस्ट एसी चेयर कार से सफर बेहद आरामदायक हो जाता है।
पॉकेट फ्रेंडली किराया
उन्होंने बताया कि इतने शानदार और खूबसूरत सफर के लिए रेलवे मात्र 270 रुपये का टिकट चार्ज कर रहा है, जो 106 किलोंमीटर सफर के लिए किसी भी प्राइवेट सफारी के मुकाबले बेहद सस्ता है।
वीकेंड पर बना सकते हैं परफेक्ट प्लान
उन्होंने बताया कि यह ट्रेन हर शनिवार और रविवार को चलती है। ट्रेन संख्या 52260 (मैलानी-बिछिया) सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को मैलानी जंक्शन से सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर चलेगी, जो भीराखेरी, पलिया कलां, दुदवा, बेलरायां, तिकुनिया, खैरतिया बांध रोड (हाल्ट) और मंझरा पुरब स्टेशनों पर रुकते हुए बिछिया स्टेशन 10:30 बजे पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी यात्रा में गाड़ी सं. 52259 (बिछिया-मैलानी) सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को बिछिया स्टेशन से चलेगी। बिछिया से सुबह 11:45 पर यह ट्रेन प्रस्थान करेगी, जो मंझरा पुरब, खैरतिया बांध रोड (हाल्ट), तिकुनिया, बेलरायां, दुदवा, पलिया कलां और भीराखेरी स्टेशनों पर रुकते हुए मैलानी जंक्शन शाम 4 :10 पर पहुंचायेगी।
