‘अधूरे कार्य जल्द पूरे करें, गुणवत्ता से न हो समझौता’, डीएम ईशान प्रताप सिंह ने की विकास योजनाओं की समीक्षा

# ## Lucknow

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में ग्राम विकास, पंचायती राज, गोशालाओं और जिला स्वच्छता समिति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने महिला स्वयं सहायता समूहों को समय पर भुगतान, फैमिली आईडी निर्माण में तेजी तथा प्रधानमंत्री आवास, एनआरएलएम समेत विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्नपूर्णा भवनों के शेष कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

लापरवाही पर जवाबदेही तय हो

गोशालाओं की समीक्षा में उन्होंने नोडल अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को समन्वय बनाकर कमियां दूर करने, हरा चारा, साइलेज व भूसे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सहभागिता योजना के तहत गौपालकों को समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भुगतान में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

डीएम ने गांवों में की समीक्षा

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, नालियों की नियमित सफाई, अधूरे शौचालयों का निर्माण पूरा कराने और पंचायत सहायकों का समय से मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन योजनाओं के आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने को भी कहा। बैठक में जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।