क्या गिरफ्तार होने वाले हैं अभिषेक बनर्जी, बंगाल में जारी बवाल का क्या होगा अंजाम?

# ## National

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के पास एक के बाद एक सीआईडी का नोटिस आ रहा है। बंगाल पुलिस ताला तोड़कर अभिषेक के घर में घुसकर तलाशी ले रही है। अभिषेक बनर्जी के सबसे बड़े राजदार को बंगाल पुलिस तीन दिन से खोज रही है। सवाल ये है कि उस राजदार के पास अभिषेक के ऐसे कौन से राज हैं, जिस पर एक्शन से भाइपो घबराए हुए हैं। ममता बनर्जी क्यों भागी भागी सुबह 4 बजे अभिषेक के घर पहुंची। क्या अभिषेक बनर्जी को अब पता चल गया है कि उन्हें जेल जाने से कोई नहीं बचा सकता?

अभिषेक बनर्जी के घर बंगाल पुलिस ने दबिश डाली है। पुलिस अभिषेक बनर्जी के घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसी। इसके बाद करीब 5 घंटे अभिषेक के घर की जांच की है। खबर है कि पुलिस को अभिषेक के खासमखास और पीए सुमित रॉय की तलाश है। अभिषेक के पीए सुमित रॉय पर चुनाव के दौरान टिकट के नाम पर पैसा वसूले के आरोप हैं।

ताला तोड़कर अभिषेक के घर में घुसी पुलिस

सूत्रों के मुताबिक, सुमित रॉय का मोबाइल टावर लोकेशन कल रात कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के घर के पास मिला था। उस जानकारी के आधार पर शालबनी पुलिस और कोलकाता पुलिस सुबह करीब 4 बजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट घर पहुंची। बार-बार बुलाने पर दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने घर के मेन गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुसी। फिर अभिषेक बनर्जी के पूरे घर की तलाशी ली गई। आखिर में, सुमित रॉय को अभिषेक बनर्जी के पते पर न पाकर पुलिस वापस चली गई। खबर ये भी है कि पुलिस की रेड के बाद ममता बनर्जी भी अभिषेक के घर पहुंची थीं। ममता ने काफी देर तक अभिषेक से बातचीत की।

टेंशन में क्यों हैं अभिषेक?

सुमित रॉय को अभिषेक का राइटहैंड माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि जिसे भी अभिषेक से मिलना होता था, उसे पहले सुमित रॉय से बात करनी पड़ती थी। सुमित रॉय की मर्जी के बिना कोई भी अभिषेक तक नहीं पहुंच सकता था, लेकिन अब सब बदल गया है। अभिषेक पर कानून का शिकंजा कसना शुरू हो गया है, उनके पीए सुमित रॉय को पुलिस ढूंढ रही है। टीएमसी के पूर्व विधायक सुजॉय हाजरा को हाल ही में पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी पुलिस ने जमीन भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया था। सुजॉय हाजरा से पूछताछ और जांच के बाद पुलिस को पता चला कि उसने अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय को बड़ी रकम ट्रांसफर की थी। उस जानकारी के आधार पर पुलिस पिछले 3-4 दिनों से सुमित रॉय की तलाश कर रही थी। यानी अभिषेक के पीए सुमित रॉय के पास ऐसे कई राज हैं कि उनके पकड़े जाने के बाद भाइपो की मुश्किल बढ़ सकती है। यही वजह है कि अभिषेक बेहद टेंशन में हैं।

अभिषेक बनर्जी पर कसा CID का शिकंजा

अभिषेक बनर्जी पर सीआईडी का शिकंजा कसता जा रहा है। फर्जी साइन केस के बाद अब अभिषेक बनर्जी पर भड़काऊ बयानबाजी के मामले में भी पूछताछ होगी। सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को चुनाव के दौरान हेट स्पीच देने के मामले में नोटिस दिया है। सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को डीजे वाले बयान के बारे में पूछताछ करने के लिए 16 जून को भवानी भवन बुलाया है। सीआईडी ने गुरुवार शाम अभिषेक बनर्जी के कालीघाट वाले घर पर नोटिस दिया है। 14 जून को उनसे फर्जी साइन वाले मामले में पूछताछ होगी। सीआईडी की कार्रवाई से अभिषेक बनर्जी भड़के हुए हैं। वह कह रहे हैं कि अगर उनका डीजे वाला बयान भड़काऊ है तो फिर बीजेपी नेताओं के बयान क्या थे। उनपर क्यों एफआईआर दर्ज नहीं हुई?

लगातार नोटिस मिलने से भड़के अभिषेक

अभिषेक को नया समन हेट स्पीच मामले में मिला है, जो उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान दी थी। इस मामले में चुनाव आयोग के आदेश पर एफआईआर हुई थी। सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को नोटिस देकर 16 जून को भवानी भवन पूछताछ के लिए बुलाया है। बैक टू बैक सीआईडी के नोटिस मिलने से अभिषेक बनर्जी भड़क गए हैं। उन्होंने कहा, “जिस मामले में ये मुझे नोटिस देने पहुंचे हैं। मैंने कहा था कि 4 तारीख के बाद डीजे बजेगा। मैं सवाल करता हूं कि अगर मैंने सचमुच में कुछ गलत कहा था तो मैंने ये बयान कब दिया है? चुनाव के दौरान। चुनाव जब चल रहे थे, तब कानून-व्यवस्था किसके हाथ में थी? चुनाव आयोग के हाथ में थी। ममता बनर्जी के हाथ में तो कानून-व्यवस्था तब नहीं थी। तो तब मेरे खिलाफ FIR क्यों नहीं की गई। चुनाव आयोग में शिकायत होने पर, आयोग ने मेरे खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। तो उसकी वजह है, अगर मैंने डीजे बजाने की बात कही थी, तो देश के गृहमंत्री ने भी कहा था कि तृणमूल के लोगों को  उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। हर एक्शन का समान और विपरित प्रतिक्रिया होता है। आप बताएं, ज्ञानेश कुमार को अगर मेरे खिलाफ एक्शन लेना पड़ता तो उन्हें अमित शाह के खिलाफ भी कार्रवाई करनी पड़ती।”

अभिषेक का जेल जाना तय?

इस बीच टीएमसी से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने अभिषेक बनर्जी को लेकर बड़ा बयान दिया है। रिजू दत्ता ने कहा है कि अभिषेक को अब जेल जाने से कोई नहीं बचा सकता। उनके पास बचने का अब कोई रास्ता नहीं है। अभिषेक का गौ तस्करी से लेकर कोयला तस्करी तक में नाम है। ऐसे में उनका जेल में चक्की पीसना तय है।