प्रयागराज के बड़े हनुमान जी मंदिर में छठे मंगलवार को दिखा अद्भुत नजारा, जयकारों से गूंजा संगम तट

# ## Prayagraj Zone

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ज्येष्ठ मास के छठवें मंगलवार को संगम स्थित बंधवा के बड़े हनुमान जी महाराज मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार सुबह भोर से ही भक्त हनुमान जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर परिसर पहुंचने लगे।तड़के सुबह मंदिर के महंत बलबीर गिरी ने विधि-विधान से भगवान बजरंगबली का मंगला श्रृंगार कराया।

बजरंगबली का पंचामृत स्नान, सिंदूर लेप और सुगंधित फूलों से दिव्य श्रृंगार

सर्वप्रथम भगवान को गंगाजल, दूध, दही, हल्दी और शहद से पंचामृत स्नान कराया गया। इसके उपरांत, भगवान के विग्रह पर सिंदूर का लेप लगाकर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रृंगार प्रक्रिया के दौरान विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं रंग-बिरंगे फूलों से बड़े हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

सुंदरकाण्ड पाठ और भव्य डमरू आरती

श्रृंगार के बाद मंदिर परिसर में सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन में भाग लिया।सुंदरकाण्ड पाठ पूर्ण होने के पश्चात, घंट-घड़ियालों, शंखनाद और बड़े डमरुओं की गूंज के बीच भव्य मंगला आरती संपन्न हुई।

मंगला आरती में गूंजा जय श्री राम

आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।

बड़े हनुमान जी के दर्शन के लिए उमड़ी हजारों की भीड़

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ मास के मंगलवारों का विशेष महत्व होता है। इसी कारण छठवें मंगलवार को बड़े हनुमान मंदिर में सुबह से लेकर दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर प्रशासन और सेवायतों द्वारा भक्तों की सुविधा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।