पुलिस भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन: शहर की सड़कें जाम के हवाले, पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद दिखा अभ्यर्थियों का हुजूम

# ## Lucknow

 यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पाली में जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच कराई गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं और निर्धारित समय से पहले ही सुरक्षा जांच के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। पहली पाली की परीक्षा देकर बाहर निकले तो सड़कों पर अभ्यर्थियों का हुजूम नजर आया। जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति पैद हो गई।

त्रिस्तरीय जांच के बाद प्रवेश
अफसरों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों से बेल्ट, पर्स, मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही रखवा लिए गए। इसके बाद तीन स्तरीय सुरक्षा जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

पहले दिन 4,209 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
इसके पहले सोमवार को पहली पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के मुकाबले 6,627 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 2,109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,636 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2,100 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहले दिन कुल 17,472 अभ्यर्थियों में से 13,263 ने परीक्षा दी, जबकि कुल 4,209 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे।