लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित ‘द ग्रीन शिफ्ट’ गोल्फ टूर्नामेंट अवॉर्ड्स समारोह में सरोजिनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने पर्यावरण संरक्षण एवं नेट ज़ीरो सरोजिनीनगर अभियान का संदेश दिया। कार्यक्रम में खेल, जनभागीदारी और पर्यावरणीय जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
- संजय दत्त बोले- ‘पेड़ लगाओ, जादू की झप्पी पाओ’
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संजय दत्त ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाना केवल सरकारों का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा, “पेड़ लगाओ, जादू की झप्पी पाओ। यह नेट ज़ीरो का आंदोलन केवल सरोजिनीनगर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, इसे पूरे देश में ले जाना होगा।”
- डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया नेट ज़ीरो का विजन
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नेट ज़ीरो की यात्रा गोल्फ की तरह है, जहां हर छोटा प्रयास सफलता की ओर बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन वर्तमान की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इससे निपटने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने वायु प्रदूषण, जल संकट और ऊर्जा संरक्षण से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई।
- विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
‘द ग्रीन शिफ्ट’ गोल्फ टूर्नामेंट में विभिन्न वर्गों के 23 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में कर्मन्य दत्त तिवारी, महिला वर्ग में बबली नंदा, सीनियर वेटरन्स में ए.एस. कपूर, वेटरन्स में हर्ष कुमार रस्तोगी तथा विभिन्न हैंडीकैप श्रेणियों में उत्सव मिश्रा, ध्रुव गोयल और आधार जैन विजेता रहे। ओवरऑल चैम्पियनशिप में पंकज अग्रवाल ने बाजी मारी। विजेताओं को स्कूटी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित छह लाख रुपये तक के पुरस्कार प्रदान किए गए।
- नेट ज़ीरो सरोजिनीनगर को मिला नया विस्तार
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और कार्बन उत्सर्जन में कमी को लेकर विशेष संवाद भी हुआ। संजय दत्त ने दूसरी बार नेट ज़ीरो सरोजिनीनगर अभियान से जुड़कर इस पहल को मजबूती दी। आयोजन में लखनऊ गोल्फ क्लब के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम ने नेट ज़ीरो सरोजिनीनगर 2040 के लक्ष्य को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में नई ऊर्जा प्रदान की।
