सत्य, संत और सनातन संस्कृति से सशक्त होगा विकसित भारत : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • सत्य, संत और सनातन संस्कृति से सशक्त होगा विकसित भारत : डॉ. दिनेश शर्मा

लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि सत्य के सानिध्य में आने से व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास बढ़ता है और संतों का आशीर्वाद जीवन में चमत्कार का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि संत समाज को जाति और भेदभाव से ऊपर उठाकर एकता और समरसता का संदेश देते हैं।

गोमती नगर के विज्ञान खंड स्थित स्थानीय जाप स्थल एवं सेवा केंद्र में लाल महेंद्र शिव शक्ति सेवा समिति (ओम नमः शिवाय आश्रम) द्वारा सेवा कार्य के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रवचन एवं विशाल भंडारे में मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

डा दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत ऋषि और कृषि की भूमि है तथा किसानों की उपज से ही देश की समृद्धि होती है। उन्होंने सनातन संस्कृति को विश्व की सबसे प्राचीन और मानव कल्याणकारी परंपरा बताते हुए कहा कि यह सभी जीवों के कल्याण का संदेश देती है। उन्होंने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु समाज को सही दिशा देता है। साथ ही उन्होंने बदलते पारिवारिक मूल्यों और वृद्धाश्रम की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा। कार्यक्रम में सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, दैनिक भास्कर के ब्यूरो प्रमुख सचिन मुदगल, भाजपा प्रवक्ता अवनीश त्यागी, पत्रकार दिवस चतुर्वेदी, पत्रकार विवेक त्रिपाठी, ठाकुर मनु प्रताप सिंह, गिरीश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।