- सरोजनीनगर को मिली स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय की सौगात,मंत्री और विधायक डॉ.राजेश्वर ने भूमि पूजन किया
- नटकुर में भूमि पूजन, विकास कार्यों को मिली नई गति जाम और पार्किंग समस्या से लोगों को मिलेगी राहत
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास का एक नया अध्याय जुड़ गया। नटकुर में नए स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री रवीन्द्र जायसवाल के साथ सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर विधानसभा में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नया रजिस्ट्री कार्यालय क्षेत्र की बड़ी आवश्यकता था, जिसके बनने से आम जनता को राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में संचालित रजिस्ट्री कार्यालय किराये के भवन में था, जहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन वाहनों का लंबा जाम लग जाता था। लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती थी। नए स्थायी कार्यालय के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता शंकरी सिंह, भाजपा नेता राजेश सिंह, पार्षद खरिका के.एन. सिंह, पार्षद प्रतिनिधि राजा बिजली पासी द्वितीय लवकुश रावत, तहसील अध्यक्ष कमलेश सिंह, उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा तथा पुलिस प्रतिनिधि राजेश त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
