Bareilly : अजब चेकिंग का गजब शोर, चोरी बाइक का चालान कटवाकर उड़े चोर

# ## Bareilly Zone

 वाहन चेकिंग और गाड़ियों के चालान का लक्ष्य पूरा कर दिखाने वाली पुलिस कई बार ऐसी लापरवाही कर डालती है कि अफसर माथ पीटते नजर आते हैं। बाइक चोरी के मामले में ऐसा ही एक अजब-गजब मामला सामने आया है। चोर एक दूध व्रिकेता की बाइक चोरी कर ले गए और चेकिंग में पुलिस के हाथों चालान कटवाने के बाद भी उड़न छू हो लिए। चोरी गई बाइक का चालान स्वामी के पास पहुंचा है तो वह और ज्यादा परेशान है।

थाना बिथरी क्षेत्र के गांव कचौली के रहने वाले दूध की डेयरी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि एक साल पहले गांव से बाइक गांव चोरी हो गई थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई मगर बाइक का कुछ पता नहीं लगा। बुधवार को मोबाइल पर पुराने मैसेज का लिंक खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। जो बाइक चोरी हुई थी, उसका चालान कटने का मैसेज आया था। उनकी बाइक के साथ चालान के साथ भेजे गए फोटो में दो लड़के रिकार्ड हुए थे। गुलाब नगर के पास पुलिस 14 फरवरी को चोरी गई बाइक का चालान किया था। हैरानी की बात है कि चालान ट्रैफिक नियमों के उल्लघन के मामले में किया गया मगर पुलिस उस समय फर्राटा भर रहे लड़कों से पूछताछ नहीं कर सकी। वाहन स्वामी का कहना है कि पुलिस ने अगर तत्परता दिखाई होती तो चोरी गई बाइक के साथ चोर भी पकड़ गए होते। चोर चालान कटवाकर पुलिस की भी आंखों में धूल झोंक गए।

स्मार्ट कंट्रोल रूम से भी नहीं मिली मदद
स्मार्ट सिटी में अत्याधुनिक कंट्रोल काम कर रहा है और हर हर चौराहे सीसीटीवी से लैस है। नंबर देखकर पता किया जा सकता है कि कौन सा वाहन कितने बजे गुजरा। दावा किया जाता है कि अपराधी सीसीटीवी से छिपकर भाग नहीं सकते। इसके बाद भी अपराधी शहर में चोरी की बाइक का चालान कटवाकर भी आसानी से फर्राटा भर रहे हैं मगर पुलिस उन पर शिकंजा नहीं कस पा रही। चोरी की बाइक का जहां चालान हुआ, वह इलाका थाना प्रेमनगर का है। बाइक सवार युवकों की तस्वीर भी कैद हो चुकी है। अब पुलिस का कहना है कि चालान से तस्वीर निकालकर बाइक सवारों की तलाश्न की जाएगी।