Bareilly : 10 सालों से टैक्स न चुकाने वालों के घरों पर लगेंगे लाल निशान

# ## Bareilly Zone UP

 वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति के बाद नगर निगम के टैक्स विभाग ने शहर के ऐसे हजारों करदाताओं की कुंडली तैयार कर ली है, जिन्होंने पिछले एक दशक से गृहकर जमा नहीं किया है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि शहर में दो लाख से अधिक करदाता हैं, जिनमें से करीब लगभग एक लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने 10 वर्षों से अधिक समय से टैक्स की अदायगी नहीं की है।

पीके द्विवेदी के मुताबिक लाल निशान लगाने के पीछे एक ठोस रणनीति है। अक्सर देखा गया है कि बकायेदार कुर्की या वसूली के नोटिस को घर के बाहर से हटा देते हैं, ताकि उन्हें सामाजिक शर्मिंदगी न झेलनी पड़े, लेकिन पक्का लाल निशान होने पर वह इसे आसानी से मिटा नहीं पाएंगे। इस कार्रवाई का उद्देश्य बकायेदारों को सार्वजनिक रूप से चिह्नित करना और उन्हें टैक्स जमा करने के लिए बाध्य करना है। लाल निशान के साथ ही घर के मुख्य द्वार पर बकाया राशि का नोटिस भी चस्पा किया जाएगा। बकाया जमा नहीं होता है तो नियमानुसार संपत्तियों की कुर्की और बैंक खाते फ्रीज करने की कार्रवाई की जाएगी।