लखनऊ में इलेक्ट्रानिक्स गोदाम में आग से लाखों का माल जलकर बर्बाद, फायर ब्रिगेड की मदद से पाया काबू

# ## Lucknow

नाका के गुरुद्वारा रोड हिंदुस्तान स्थित इलेक्ट्रानिक्स दुकान के गोदाम में मंगलवार सुबह आग लग गई। धुआं व आग की लपटें देख वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि आग से करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है।

आशियाना के सेक्टर-के निवासी योगेश छाबड़ा की गुरुद्वारा रोड पर हिंदुस्तान प्लाजा में महिमा इलेक्ट्रानिक नाम से दुकान है। इसमें डिजाइनर लाइट, झालर और झूमर का कारोबार होता है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे दुकान बंदकर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब सवा आठ बजे दुकान के अंदर से धुआं उठने लगा। यह देख आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। कुछ ही देर में तेज लपटें निकलने लगी। दुकान के सामने चाय का ठेला लगाने वाले अजय ने व्यापारी को कॉल कर आग की जानकारी दी।

जानकारी पर वे आनन-फानन में दुकान पहुंचे। देखा कि दुकान के बेसमेंट में उनका गोदाम था। जहां इलेक्ट्रानिक सामान रखा हुआ था। सूचना पर नाका थाने की पुलिस और हजरतगंज फायर स्टेशन के एफएसओ रामकुमार रावत दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। लेकिन आग बढ़ती जा रही थी। एफएसओ ने और तीन दमकल की गाड़ियां बुला ली। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया। एफएसओ ने बताया कि शुरुआती जांच में आग शार्ट सार्किट से लगी है।

ताला तोड़कर शुरू किया राहत कार्य

दमकल कर्मियों ने बताया कि जिस वक्त दुकान के गोदाम में आग लगी थी। उस वक्त गोदाम के शटर में ताले लगे हुए थे। दुकानदार भी नहीं मौजूद थे। जिसके चलते दमकल कर्मियों ने शटर में लगे ताले को तोड़ा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह का समय होने के चलते मार्केट बंद थी वरना घटना और बड़ी हो जाती।