पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ीं: असम पुलिस की टीम पहुंची घर, सीएम हिमंता की पत्नी पर लगाए थे फर्जी पासपोर्ट के आरोप

# ## National

नई दिल्लीः कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। असम पुलिस की एक टीम आज दिल्ली के निजामुद्दीन ईस्ट स्थित उनके आवास डी-12 पर पहुंच गई। टीम में 4 अधिकारी शामिल थे और उनके साथ दिल्ली पुलिस के जवान भी थे।

सूत्रों के अनुसार, असम पुलिस ने पहले निजामुद्दीन थाने से संपर्क किया था। थाने के पुलिसकर्मियों ने असम पुलिस की टीम को पवन खेड़ा के घर का सही पता दिखाने के लिए उनके साथ लिया था। हालांकि, जब टीम उनके घर पहुंची तो पवन खेड़ा वहां मौजूद नहीं थे। जानकारी के मुताबिक वे दिल्ली से बाहर किसी दूसरे राज्य की यात्रा पर हैं।

मामला क्या है?

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनकी पत्नी रिनिकी शर्मा ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। आरोप है कि पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर जो विदेशी पासपोर्ट दिखाए थे, वे सभी फर्जी थे।

सीएम हिमंता ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि इस पूरे मामले के पीछे पाकिस्तानी लिंक हो सकता है। उन्होंने पवन खेड़ा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी दस्तावेज दिखाकर देश को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

असम पुलिस अब इस मामले की जांच के सिलसिले में पवन खेड़ा से पूछताछ करना चाहती है। दिल्ली पुलिस की मदद से असम पुलिस की टीम उनके आवास पर पहुंची थी, लेकिन चूंकि वे घर पर नहीं मिले, इसलिए आगे की कार्रवाई के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।