सोलर इंस्टॉलेशन में यूपी की बड़ी छलांग… मार्च में रिकॉर्ड 52,729 इंस्टॉलेशन, क्षमता 1161 मेगावाट के पार

# ## National

 प्रदेश ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 3,47,729 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए हैं। इस दौरान कुल स्थापित क्षमता 1161.756 मेगावाट तक पहुंच गई, जो प्रदेश की ग्रीन एनर्जी की दिशा में तेज प्रगति को दर्शाता है।

माहवार आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 में 15,836 इंस्टॉलेशन से शुरुआत हुई, जो मई में 18,509 और जून में 18,494 तक पहुंच गई। जुलाई में 29,850 इंस्टॉलेशन के साथ बड़ी छलांग दर्ज हुई और इसके बाद अगस्त-सितंबर में भी रफ्तार बनी रही। अक्टूबर में हल्की गिरावट के बाद नवंबर (30,894) और दिसंबर (31,164) में फिर तेजी देखने को मिली।

अंतिम तिमाही में रिकॉर्ड उछाल

जनवरी 2026 में 33,314, फरवरी में 35,804 और मार्च में रिकॉर्ड 52,729 संयंत्र स्थापित किए गए। केवल मार्च में ही 173.84 मेगावाट क्षमता जुड़ी, जो किसी एक माह में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है। यूपीनेडा के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि अंतिम तिमाही में आई यह तेजी सरकार की नीतियों, सब्सिडी और प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। इससे उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध हो रही है।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में यूपी अव्वल

प्रदेश अब पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। कुल मिलाकर प्रदेश में अब तक 4,48,233 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन 1524 मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन हो रहा है।