खुद को हिंदू संगठन का नेता बताने वाले ऋषभ ठाकुर का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह एक दूसरे समुदाय के युवक के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। पास में युवक व युवती भी दिख रहे हैं, जो अलग-अलग समुदाय के बताए जा रहे हैं।
राजेंद्र नगर स्थित एक कैफे में दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रही छात्रा के साथियों के साथ ऋषभ ठाकुर और उसके साथियों ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए मारपीट की थी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। प्रेमनगर पुलिस मामले में ऋषभ को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी, लेकिन ऋषभ ने कोर्ट में सरेंडर किया था। जमानत पर वह बाहर आया तो सुभाषनगर पुलिस ने जिला बदर कर उसे बदायूं की सीमा पर छोड़ा था।
बारादरी क्षेत्र में एक स्पा सेंटर से रंगदारी मांगने के आरोप में आरोपी ऋषभ को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। बताते हैं कि ऋषभ ने कैंट क्षेत्र में दूसरे समुदाय के युवक के साथ मारपीट की और घटना का वीडियो खुद ही सोशल मीडिया पर साझा किया, जो रविवार को वायरल हो गया। हालांकि, वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। वीडियो में कहा गया कि कैंट क्षेत्र में लव जिहाद के आरोपी को उसने सबक सिखाया है।
