विश्व रंगमंच दिवस पर आर्यकुल कॉलेज में प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां

Lucknow
  • विश्व रंगमंच दिवस पर आर्यकुल कॉलेज में प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां

लखनऊ। विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर आर्यकुल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बीजेएमसी एवं एमजेएमसी के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली नाटकों का मंचन किया। कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और समाज के ज्वलंत मुद्दों पर सोचने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. रेखा सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने रंगमंच को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि नाटक के माध्यम से सामाजिक सच्चाइयों को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है। इसके बाद कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सशक्त सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने समकालीन राजनीति, पारिवारिक संबंधों में बदलाव, सामाजिक मूल्यों के ह्रास और पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी जैसे विषयों को जीवंत अभिनय के माध्यम से मंचित किया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन बीजेएमसी प्रथम वर्ष की ऋचा दुबे एवं तनीषा गुप्ता ने किया, वहीं श्रद्धा त्रिपाठी ने अपने विचार व्यक्त किए। नाट्य प्रस्तुतियों में अंशिका शुक्ला, अंशिका मिश्रा, अक्षत, दिव्यांशी, आंचल, अंकिमा, अंशुमान, प्रिंस, सोनाली, अंशिका तिवारी एवं सुकन्या ने प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत कर सराहना बटोरी। अंत में डॉ. अंकिता अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज के रजिस्ट्रार सुदेश कुमार तिवारी, विभागाध्यक्ष डॉ. अजय शुक्ला, डॉ. अब्दुल रब खान, डॉ. गौरव मिश्र सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।