श्रीराम महायंत्र के लिए राम मंदिर में शुरू हुआ अनुष्ठान, सरयू तट से निकली कलश यात्रा परिसर में हुई स्थापना

# ## UP

 राम मंदिर में विशेष अनुष्ठानों का शुभारंभ गुरुवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। मंदिर परिसर से श्रद्धा और मंत्रोच्चार के बीच निकली कलश यात्रा सरयू नदी के पावन तट तक पहुंची। जहां वैदिक विधि-विधान से विभिन्न धार्मिक कर्म संपन्न कराए गए। अनुष्ठान के मुख्य यजमान डॉ. अनिल मिश्र रहे।

कलश यात्रा रामपथ होते हुए वापस राम मंदिर पहुंची। इसके बाद पंचांग पूजन कर विधिवत मंडप प्रवेश कराया गया और यज्ञीय अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। आचार्यों ने वैदिक परंपरा के अनुसार प्रायश्चित कर्म और भगवान विष्णु का पूजन कराया। यज्ञकुंड में पुरुसूक्त व श्री सूक्त के मंत्रों से आहुतियां अर्पित की जाएंगी।

डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि राम यंत्र स्थापना का मुख्य अनुष्ठान 19 को होगा। नौ कुंडीय यज्ञकुंड में रोजाना आहुतियां अर्पित की जाएंगी। समारोह में राम मंदिर में काम करने वाली 300 एजेंसियों के 1800 कर्मियों व निधि समर्पण अभियान का हिस्सा रहे करीब 3500 लोगों को आमंत्रित किया गया है। माता अमृतामयी नंद के साथ 1200 अनुयायी आ रहे हैं। संपूर्ण अनुष्ठान आचार्य चंद्रभानु शर्मा, पंडित इंद्रदेव मिश्र के निर्देशन में संपन्न हुआ। आचार्यों में पंडित प्रवीण शर्मा, आचार्य सतीश वैदिक सहित 100 से अधिक आचार्य शामिल हैं।