यूपी बोर्ड परीक्षाएं समाप्त, अब रिजल्ट की बारी; अंतिम दिन की परीक्षा में रहे 139 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित

# ## UP

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं-2026 गुरुवार को समाप्त हो गई। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से प्रारम्भ होकर 12 मार्च तक कुल 15 कार्य दिवस में सम्पन्न कराई गई। जिसके लिए लखनऊ जिले में 120 परीक्षा केन्द्र (15 राजकीय, 64 अशासकीय व 41 वित्तविहीन) के साथ ही 1 आदर्श कारागार परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इसबार बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 51954 और इंटरमीडिएट में 51134 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें हाईस्कूल में 95.21 प्रतिशत जबकि इंटरमीडिएट में 93.51 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

बोर्ड परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 7 जोनल मजिस्ट्रेट व 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत 121 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई थी। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त 19 नायब तहसीलदार के माध्यम से रात्रि में भी लगतार परीक्षा केन्द्रों के स्ट्रांगरूमों का निरीक्षण कराया गया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिला स्तर पर 6 सचल दल और 121 केन्द्रव्यवस्थापक, 121 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक के साथ बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से कुल अनुमानित 4230 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी के लिए 4 हजार से अधिक कैमरें लगवाये गये। जिनकी निगरानी हेतु स्थापित जनपदीय कन्ट्रोल रूम में 40 से अधिक कार्मिकों द्वारा तीन पालियों में 10 कम्प्यूटरों पर राउन्ड ओ क्लॉक मानीटरिंग द्वारा की गई।

अंतिम दिन रहे 139 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित

बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन हाईस्कूल कृषि और इंटरमीडिएट कंम्प्यूटर की परीक्षा आयोजित की गई जिसमें प्रथम पाली में 81 जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत की परीक्षा में 58 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान 3 सचल दलों ने कुल 23 केंद्रों का निरीक्षण किया।

नहीं मिले एक भी नकलची

जिला स्तर पर कुल 6 सचल दलों का निर्माण किया गया था। जबकि मण्डल स्तर पर 4 सचल दल सक्रिय किए गए थे। मंडलीय सचल दल द्वारा परीक्षा के दौरान 200 से अधिक परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया जबकि जिला स्तर पर गठित 6 सचल दलों द्वारा कुल 15 परीक्षा दिवसों में 475 बार से अधिक परीक्षा केन्द्रों का सतत निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक भी नकलची परीक्षार्थी इन दलों द्वारा नहीं पाया गया।

अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आएगा यूपी बोर्ड का परिणाम

बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार को समाप्त हो गई। अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरु होगा। जिसके लिए बोर्ड की ओर से व्यापक तैयारियां की गई है। बोर्ड का कहना है कि अगले एक माह के भीतर ही परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम जारी कर दिया जाएगा।

40 दिन चली यूपी बोर्ड परीक्षा सकुशल निपटी

जिलें में 115 केंद्रों पर 18 फरवरी से चल रहीं यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं गुरुवार को समाप्त हो गईं। वहीं, 18 मार्च से कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य शुरू हो जाएगा। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम आने की संभावना है। प्रथम पाली में हाईस्कूल संगीत गायन एवं इंटरमीडिएट लेखा शास्त्र (वाणिज्य वर्ग) एवं एनसीसी तथा द्वितीय पाली में हाईस्कूल पाली अरबी, फारसी एवं इंटरमीडिएट पाली, अरबी, फारसी की परीक्षा हुई। दोनों पालियों में 2748 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

18 मार्च से मूल्यांकन की तैयारी

पहली बार जिले में एक भी नकलची नहीं पकड़ा गया जबकि गत वर्ष परीक्षा में 300 से अधिक नकलची पकड़े गए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि तीन परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्षों को नोटिस दी गई और 22 कक्ष निरीक्षकों का लापरवाही पर एक दिन का वेतन बाधित किया गया। उन्होंने बताया कि जिला अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे द्वारा लगातार परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।