Bareilly : 1500 में बेचे जा रहे सिलेंडर, उपभोक्ता एजेंसी के काट रहे चक्कर

# ## UP

शहर में रसोई गैस मिलने में अभी कोई संकट नहीं है, बावजूद कालाबाजारी खूब हो रही है। गैस एजेंसियों से ही सिलेंडर 1500 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं की बुकिंग रद्द की जा रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। होटल व्यवसायी महंगे दामों में सिलेंडर खरीद रहे हैं। वहीं, आम आदमी को बिना गैस सिलेंडर के लौटना पड़ रहा है। छोटे दुकानदारों और ठेले वाले भी इसकी चपेट में आने से प्रभावित हो रहे हैं। सिलेंडर के लिए उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। जबकि अफसरों का दावा है कि सबकुछ सामान्य है।

बुधवार को भी गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए भटकना पड़ा। किसी एजेंसी ने उनकी पहले की बुकिंग कैंसिल कर दी तो किसी ने सिलेंडर देने से ही इनकार कर दिया। लोग दिन भर एजेंसियों के बाहर जमे रहे। दाम बढ़ने से पहले की गई बुकिंग की डिलीवरी देने आए हॉकर ने बढ़े हुए दामों में सिलेंडर दिया। बढ़े हुए दाम न देने पर सिलेंडर देने से इनकार कर दिया। लोगों ने इसका विरोध किया लेकिन बाद में उन्हें सिलेंडर के लिए बढ़े हुए दाम चुकाने पड़े।

उधर पेट्रोल पंपों पर भी हालात सामान्य नहीं रहे। दोपहर आते आते पंप संचालकों ने भी मनमानी शुरू कर दी। उन्होंने बाइक और स्कूटी के टैंक फुल करने से इनकार कर दिया। अधिकतम 500 रुपये का तेल बाइक में डाला गया। बाइक व स्कूटी चलाने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। एक होटल संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उसने एजेंसी से 1500 रुपये में सिलेंडर खरीदा है। उसका कहना है कि एजेंसी की ओर से इसी दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। वह चार सिलेंडर लेकर आया है और आराम से मिल गए। बस उसे प्रति सिलेंडर 1500 रुपये देने पड़े। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिले में गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैलाकर इसका फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

गैस की कोई दिक्कत नहीं है। जिन्होंने पहले बुकिंग की है। उन्हें उसी दाम में सिलेंडर मिलना चाहिए, जो लोग अतिरिक्त रुपये ले रहे हैं। वे लोग गलत कर रहे हैं। वहीं कॉलेज, आर्मी, इमरजेंसी सेवा जहां जहां चालू होती हैं। वहां पर कमर्शियल सिलेंडर दिए जा रहे हैं। सिर्फ होटल और बैंक्केट के लिए सिलेंडर न देने का आदेश है।