बख्शी का तालाब कस्बे में लखनऊ-सीतापुर हाईवे राष्ट्रीय राजमार्ग- 30 किनारे कारोबार कर रहे सैकड़ों व्यापारियों को एनएचएआई की ओर से नोटिस दिए गए हैं। इसमें 50 वर्गमीटर तक कब्जे को अनाधिकृत बताकर सात दिन में हटाने का निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण न हटाए जाने पर प्राधिकरण कार्रवाई करेगा।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल बीकेटी इकाई के अध्यक्ष वेद रत्न सिंह चौहान ने कहा कि होली नजदीक है। व्यापारी लाखों रुपये का माल दुकानों में भर चुके हैं। ऐसे समय में सात दिन में निर्माण तोड़ना संभव नहीं है। त्योहार के बहुत नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने राहत नहीं दी तो आंदोलन किया जाएगा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मामले में विधायक योगेश शुक्ला से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। उनसे त्योहारी के समय कार्रवाई स्थगित कराने की मांग की जाएगी। गौरतलब है कि पहले भी इस तरह का नोटिस मिले थे, तब पूर्व सांसद कौशल किशोर के हस्तक्षेप पर तोड़फोड़ पर अस्थायी रोक लग गई थी। व्यापारियों को उम्मीद थी कि स्थायी समाधान निकलेगा, लेकिन अब नए नोटिस ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
