खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध छापामारी अभियान जारी रखा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षत गोयल के नेतृत्व में टीमों ने विभिन्न स्थानों के प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सीबीगंज बंडिया से अर्श किराना स्टोर से बेसन, सिविल लाइंस स्थित किप्स स्वीट्स से लड्डू, नैनीताल रोड भोजीपुरा में अर्श किराना स्टोर से अमूल प्योर घी, स्टेशन रोड पर स्वर्ण टावर होटल के सामने से गुप्ता जी डेयरी प्रोडक्ट से पनीर और नावल्टी चौराहा स्थित दीनानाथ एंड सन्स से दही का नमूना संग्रहित किया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक उप्र को भेजे गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर आम जन मानस को सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा।
पांच कारोबारियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र सौंपे
जीआईसी ऑडिटोरियम में भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्टाल लगाकर खाद्य कारोबारियों में बेचेलाल, सुमित पाण्डेय, जितेन्द्र, इतवारी लाल व रवि कश्यप को पंजीकरण प्रमाणपत्र का वितरण किया। कार्यों एवं खाद्य कारोबार करते समय रखी जाने वाली सावधानियों के संबंध में भी जागरूक किया। जिला जज ने निरीक्षण कर विभाग के कार्यों को बहुत ही महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी बताया।
