- ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का होगा शुभारंभ
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और नागरिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित होगा, जिसमें भारतीय सिनेमा के सुप्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे।
- संजय दत्त और विधायक राजेश्वर सिंह करेंगे अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम के अंतर्गत संजय दत्त एवं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, हरित जागरूकता और सतत विकास को बढ़ावा देना है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
- रोड शो के जरिए नागरिकों और युवाओं से संवाद
इस अवसर पर संजय दत्त विधायक राजेश्वर सिंह के साथ भव्य रोड शो के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। रोड शो के पश्चात पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ‘पर्यावरण वीरों’ को सम्मानित किया जाएगा।
- युवाओं से मतदान के प्रति जागरूक होने की अपील
कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य युवाओं और नव मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है। संजय दत्त युवाओं से अपील करेंगे कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएँ, मतदाता पहचान पत्र बनवाएँ और अपने सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार — मतदान — का सक्रिय रूप से प्रयोग करें।
- विकास के साथ पर्यावरण और लोकतंत्र पर समान जोर : राजेश्वर सिंह
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक जागरूकता को समान प्राथमिकता दी जा रही है। ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है, जो क्षेत्र को हरित और जागरूक बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
- पर्यावरण और नागरिक जागरूकता की दिशा में अहम पहल
यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, युवा सहभागिता और नागरिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा तय होने की उम्मीद है।
