होली पर चलेगी विशेष ट्रेन, गोरखपुर से सियालदह, आसनसोल के लिए कई ट्रेनों का भी किया जाएगा संचालन

# ## National

होली पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई विशेष गाड़ियों के संचालन की घोषणा की है। समस्तीपुर मंडल में प्री-नॉन इंटरलॉकिंग व नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण अनेक ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन, रि-शिड्यूलिंग और शॉर्ट टर्मिनेशन व ओरिजिनेशन की व्यवस्था लागू की गई है। 03131/03132 सियालदह–गोरखपुर–सियालदह होली विशेष गाड़ी का संचालन सियालदह से 26 फरवरी तथा 2 और 5 मार्च 2026 को तथा गोरखपुर से 27 फरवरी तथा 3 और 6 मार्च 2026 को किया जाएगा।

03131 सियालदह–गोरखपुर विशेष 23:50 बजे सियालदह से प्रस्थान कर नैहाटी, बैण्डेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान एवं देवरिया सदर होते हुए 18:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03132 गोरखपुर–सियालदह विशेष 21:00 बजे गोरखपुर से प्रस्थान कर निर्धारित स्टेशनों से होते हुए 16:20 बजे सियालदह पहुंचेगी। इसी तरह 03527/03528 आसनसोल–गोरखपुर–आसनसोल होली विशेष गाड़ी का संचालन 1 मार्च को आसनसोल से तथा 2 मार्च को गोरखपुर से किया जाएगा। ये ट्रेन चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, भटनी और देवरिया सदर के रास्ते चलेगी।

कई प्रमुख ट्रेनों का बदला रूट

समस्तीपुर मंडल में बेतिया–कुमारबाग स्टेशनों के मध्य कार्य के कारण 15 से 17 फरवरी तक अनेक ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। इनमें रक्सौल–आनंद विहार टर्मिनल, बरौनी–बांद्रा टर्मिनस, मुजफ्फरपुर–आनंद विहार, कटिहार–दिल्ली, अमृतसर–दरभंगा, दरभंगा–अमृतसर, वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियां परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी।

गोरखपुर–आनंद विहार एकल यात्रा विशेष

02595 गोरखपुर–आनंद विहार टर्मिनल एकल यात्रा विशेष गाड़ी 16 फरवरी को 05:00 बजे गोरखपुर से प्रस्थान कर बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए 17:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुँचेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।