आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में नव वर्ष 2026 पर श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह का आयोजन

Lucknow
  • आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में नव वर्ष 2026 पर श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह का आयोजन

आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में नव वर्ष 2026 के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन स्व. श्री के. जी. सिंह को उनके जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा संस्थान के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक डॉ. सशक्त सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा स्वर्गीय श्री के. जी. सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने उनके शैक्षिक योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय श्री के. जी. सिंह का जीवन शिक्षा को समर्पित रहा। उनके मार्गदर्शन में आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस ने शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई। उनका सपना था कि प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य मिले, जिसे आज भी संस्थान पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रहा है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में नव वर्ष के उपलक्ष्य में संस्थान के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, मेहनत और निष्ठा के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से कर्मचारियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. सशक्त सिंह ने कहा कि संस्थान की सफलता में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आप सभी की मेहनत ही आर्यकुल ग्रुप की सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी मिलकर आने वाले समय में संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

इस कार्यक्रम में आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस की संरक्षिका प्रेमलता सिंह, मुख्य अतिथि स्मृति सिंह, प्रवीण सिंह, कविता सिंह, डीन अकादमिक रुचि सिंह, आर्यकुल कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्रधानाचार्या डॉ. अंकिता अग्रवाल, आर्यकुल कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च, लखनऊ के प्रधानाचार्य डॉ. आदित्य सिंह, और आर्यकुल कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च, रायबरेली के प्रधानाचार्य एन. के. अग्रवाल, आर्यकुल कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च, सीतापुर की प्रधानाचार्या डॉ. स्तुति वर्मा, आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के रजिस्ट्रार सुदेश तिवारी, आर्यकुल कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च के विभागाध्यक्ष बी. के. सिंह, आर्यकुल कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विभागाध्यक्ष प्रणव पांडेय और आर्यकुल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. अब्दुल रब खान सहित अन्य प्रमुख अतिथि और सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। प्रियंका केसरवानी और विनीता दीक्षित द्वारा कार्यक्रम का मंच संचालन किया गया । कार्यक्रम का समापन सभी कर्मचारियों और शिक्षकों द्वारा एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएँ देने के साथ हुआ। इस आयोजन ने आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के परिवार को और भी मजबूत किया और सभी को आने वाले वर्ष के लिए एक नई ऊर्जा और प्रेरणा दी।