UP: भारत में मेथोडिस्ट चर्च की जन्मस्थली है बरेली…प्रथम पादरी के नाम पर है बटलर प्लाजा

# ## Bareilly Zone UP

 सिविल लाइंस में बटलर के सामने बने क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च को भारत में मेथोडिस्ट चर्च की जन्म स्थली कहा जाता है। यहां पर मेथोडिस्ट चर्च बनने के बाद ही देश में अन्य जगह मेथोडिस्ट चर्च बनाए गए। यह चर्च न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी धरोहर के रूप में गिना जाता है। यहां क्रिसमस पर विशेष प्रार्थना की जाती है। एक माह तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मेथोडिस्ट चर्च के संस्थापक पादरी जॉन वैसली के समर्थक और सिद्धांतों का अनुसरण करने वाले पादरी विलियम बटलर ने अमेरिका से भारत आने के बाद 25 दिसंबर 1870 को क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च का शिलान्यास किया था। इसके दो वर्षों के बाद 1872 में यह चर्च बनकर तैयार हुआ। प्रथम पास्टर के रूप में पादरी विलियम बटलर ने कार्य संभाला था। चर्च के पादरी सुनील कुमार मसीह ने बताया कि यहीं से पूरे देश में मेथोडिस्ट चर्च व संस्थाओं का विस्तार किया गया। मेथोडिस्ट मिशनरी की जन्मस्थली बरेली को ही माना जाता है। उन्होंने बताया कि पहले पादरी विलियम बटलर ने इस स्थान को जलवायु, मौसम व पहाड़ से नजदीक होने के कारण चुना था।

क्राइस्ट चर्च का 2015 में हुआ था जीर्णोद्धार
चर्च के सचिव डाॅ. डोनाल्ड बी लाल ने बताया कि काफी पुराना होने की वजह से चर्च की छत खराब हो गई थी। नई छत बनवाई गई थी। साथ ही फर्श और अन्य इंटीरियर कार्य किए गए थे। यह कार्य वर्ष 2015 में किया गया था। आठ माह तक काम चला था। इस दौरान प्रार्थना दूसरे स्थान पर की गई थी। उन्होंने बताया कि चर्च में खिड़कियां, दरवाजे, बेंच आदि पुरानी ही हैं। चर्च में करीब एक हजार लोग बैठकर प्रार्थना कर सकते हैं।

प्रथम पादरी के नाम पर है बटलर प्लाजा मार्केट
पादरी सुनील कुमार मसीह ने बताया कि पादरी विलियम बटलर को श्रद्धांजलि देने के लिए ही चर्च की इस मार्केट का नाम बटलर प्लाजा नाम दिया गया था। उन्होंने बताया कि 150 साल में 50 पादरी अपनी सेवा दे चुके हैं। इस समय करीब 3 हजार से अधिक लोग चर्च के सदस्य हैं।

पादरी विलियम बटलर ने भारत में बनवाए थे दो चर्च
इस चर्च को भारत के उन दो प्रथम चर्चों का गौरव प्राप्त है, जो पादरी विलियम बटलर ने भारत में बनवाए थे। जिसमें एक नैनीताल जिले में तो दूसरा क्राइस्ट चर्च यहां बनाया गया। जिले में इज्जतनगर स्थित सेंट पाल मेथोडिस्ट चर्च, सुभाष नगर स्थित मेथोडिस्ट चर्च, वीर भट्टी मेथोडिस्ट चर्च, सदर बाजार स्थित मेथोडिस्ट चर्च, सीबीगंज स्थित जूलियन मेथोडिस्ट चर्च, बिशप मंडल कॉलेज, मेथोडिस्ट बालिका इंटर कॉलेज, वार्न बेबी फोल्ड, मेथोडिस्ट इंग्लिश प्राइमरी स्कूल, सेंट पॉल्स स्कूल सहित कई संस्थाएं जिले में कार्य कर रही हैं।