आगरा के कैलाश गांव में पहुंचा यमुना का पानी:कैलाश मंदिर और घरों में भरा पानी

# ## UP

(www.arya-tv.com) यूपी में बरसात का दौर जारी है। सोमवार को लखनऊ के चिनहट समेत कई अन्य इलाकों में जमकर बारिश हुई। वहीं आगरा में बारिश के चलते यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हर घंटे यमुना में पानी बढ़ रहा है। लो फ्लड लेवल से यमुना ऊपर बह रही है।

दयालबाग सहित कई इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने शहर में 28 इलाकों को चिन्हित किया है। जहां पर सबसे पहले पानी आने के खतरा है। इसके अलावा एक अपार्टमेंट को खाली करने का नोटिस चस्पा किया गया है। वहीं, कैलाश मंदिर तक अब यमुना का पानी पहुंच गया है।

आगरा में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। यमुना में गोकुल बैराज से हर घंटे पानी छोड़ा जा रहा है। 10 घंटे में यमुना का जलस्तर एक फीट बढ़ रहा है। सोमवार दोपहर 12 बजे यमुना का जलस्तर 497.4 फीट तक पहुंच गया है, जो कि मीडियम फ्लड लेवल से केवल डेढ़ फीट कम है। माना जा रहा है कि सोमवार रात तक यमुना का जलस्तर एक से दो फीट तक और बढ़ सकता है। इसको लेकर प्रशासन अलर्ट है।

कैलाश मंदिर तक आया पानी

यमुना का जलस्तर बढ़ने पर अब पानी प्राचीन कैलाश मंदिर के प्रवेश द्वार तक आ गया है। सोमवार को मंदिर आने वाले भक्तों को यमुना के पानी में होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ा। माना जा रहा है कि अगर इसी तरह जलस्तर बढ़ा तो कल मंदिर के गर्भ गृह में पानी आ सकता है। वहीं, दशहरा घाट पर भी पानी सीढ़ियों तक पहुंच गया है।

यमुना के तटवर्ती इलाकों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की जा रही है। लो फ्लड लेवल को पार करने के बाद कई इलाकों में पानी घुस गया है। ताजगंज शमशान जलमग्न हो गया है। इसके अलावा ताजमहल के पीछे बने गार्डन में भी यमुना का पानी भर गया है। एत्माद्दौला स्मारक से सटकर यमुना बह रही है।

चार बाढ़ राहत चौकी बनाई
प्रशासन ने बाढ़ को देखते हुए चार बाढ़ राहत चौकी बनाई हैं। दयालबाग में वीरी सिंह इंटर कॉलेज में बाढ़ राहत केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा बल्केश्वर में भी केंद्र बनाया गया है।

इन 28 इलाकों में सबसे पहले घुसेगा पानी
लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शहरी क्षेत्र के 28 इलाकों को चिन्हित किया गया है। जलस्तर और बढ़ने पर सबसे पहले इन इलाकों में पानी घुसेगा। सिंचाई विभाग द्वारा जारी सूची में नगला बूढ़ी, अमर विहार, दयालबाग, बल्केश्वर, जसवंत की छतरी, सरस्वती नगर, राधा नगर, जीवनी मंडी, कृष्णा कालोनी, बेलनगंज, सक्सेरिया गली, यमुना किनारा रोड, वेदांत मंदिर से फोर्ट तक, स्ट्रेची ब्रिज, छत्ता बाजार, गोकुलपुरा, कछपुरा, नगला देवजीत, मारवाड़ी बस्ती, मोती महल, यमुना ब्रिज, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, भगवती बाग, राधा विहार, केके नगर, जगदंबा डिग्री कॉलेज हैं।