लखनऊ। योग के महत्व को समझते हुए 21 जून को दुनियाभर में ‘9वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ मनाया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 की थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग’ रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में विशाल योग कार्यक्रम को अगुवाई की तथा विश्व भर को योग के एक सूत्र में पिरोया। इस दौरान देशभर में योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें न केवल योग के महत्व को बताया गया बल्कि लोगों को योग करने के प्रति जागरूक भी किया गया।
सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने भी डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कई योगासन भी किए। डॉ. राजेश्वर सिंह ने खराब लाइफस्टाइल के कारण बढ़ती बीमारियों के बारे में बताया और फिर योग को अपने जीवन में शामिल करने का आवाहन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरोजनीनगर विधायक ने कहा कि निरोगी शरीर व एकाग्र मस्तिष्क के निर्माण के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, अतः हमें स्वयं के व्यक्तित्व, समाज और राष्ट्र निर्माण हेतु योग को नियमित दिनचर्या में सम्मिलित करना होगा। उन्होंने डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के कुलपति राणा कृष्ण पाल एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।